देवास जिले में 12 अक्टूबर से होगा पल्स पोलियो अभियान, जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न
30 Sep 2025

देवास जिले में 12 अक्टूबर से होगा पल्स पोलियो अभियान, जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न
देवास। जिले में पल्स पोलियो अभियान 12 से 14 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बेक ने बताया कि कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन में यह अभियान एक जनआंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। इसमें शासकीय-अशासकीय संस्थाओं, समाजसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा। डॉ. बेक ने कहा कि जिले और ब्लॉक स्तर पर अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया जाएगा। जिला टीकाकरण सह नोडल अधिकारी डॉ. सुनील तिवारी ने स्पष्ट किया कि 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को समन्वय और निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. अभिषेक बछोतिया ने बताया कि प्रथम दिवस 12 अक्टूबर को बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। जो बच्चे उस दिन छूट जाएंगे, उन्हें 13 और 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें दवा पिलाएंगी। विशेष ध्यान ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, झुग्गी-झोपड़ियों और घुमक्कड़ परिवारों पर दिया जाएगा। इसके लिए विस्तृत माइक्रोप्लानिंग और हाई रिस्क एरिया की लाइन लिस्टिंग की जाएगी। अभियान से पूर्व ग्राम और वार्ड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, नारे लेखन, माइकिंग और विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं के माध्यम से बच्चों को जानकारी दी जाएगी। पोलियो बूथों की सजावट कर शुभारंभ जनप्रतिनिधियों से कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि भारत में अंतिम पोलियो केस जनवरी 2011 में पाया गया था। वर्तमान में पड़ोसी देशों में वायरस मौजूद है, जिसके चलते भारत में भी सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स बेक, जिला टीकाकरण सह कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील तिवारी, डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ. अभिषेक बछोतिया, डीएचओ डॉ. मनीषा मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ चिकित्सक, सीबीएमओ, ब्लॉक अधिकारी, मीडिया अधिकारी श्री कमलसिंह डावर, अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।