कन्नौद-किलोदा के बीच 'मौत' का सफर : टोल वसूली जारी, प्रशासन मौन
30 Sep 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास।
इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर कन्नौद और किलोदा के बीच बने दो पुलिया दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। पुलिया की जर्जर हालत इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और सरिये बाहर निकल आए हैं। इन खतरनाक पुलियों से प्रतिदिन हजारों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि श्रीजी मेनपॉवर कांट्रैक्टर कंपनी के कर्मचारी न केवल टोल वसूली जारी रखे हुए हैं, बल्कि उन पर गुंडागर्दी और मनमानी वसूली के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। जब सड़क और पुलिया की हालत जानलेवा बन चुकी है, तब टोल वसूली होना सीधे-सीधे जनता के साथ अन्याय है।
सबसे गंभीर सवाल प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी सड़क की इस बदहाली और टोल प्रबंधन की मनमानी पर आंखें मूंदे बैठे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों में डर और गुस्सा व्याप्त है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी प्रशासन और टोल कंपनी दोनों की होगी।








