पटेलनगर रामलीला युवाओं को दे रही संस्कृति और संस्कारों का संदेशः मनीष चौधरी
28 Sep 2025
Reporter--Shantanu
पटेलनगर रामलीला युवाओं को दे रही संस्कृति और संस्कारों का संदेशः मनीष चौधरी
मुजफ्फरनगर। श्री रामलीला भवन सेवा समिति, पटेलनगर के तत्वावधान में चल रही रामलीला इन दिनों आस्था और श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है। शनिवार की रात भरत मिलाप की भावुक लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन में स्थानीय और युवा कलाकारों ने ऐसा जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
रामलीला मंचन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी मनीष चौधरी ने सपरिवार पूजन और आरती की। इसके बाद अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्जवलित कर लीला का शुभारंभ कराया। कमेटी के पदाधिकारियों ने समाजसेवी मनीष चौधरी को स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि श्री रामलीला भवन सेवा समिति पटेलनगर में भव्य और सुन्दर लीला का मंचन हो रहा है। इस रामलीला की सबसे बड़ी और सराहनीय बात यह है कि यहां पर स्थानीय और युवा कलाकारों के द्वारा ही मंचन किया जाता है, जो साबित करता है कि यह रामलीला कमेटी युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ रहा है और यह प्रयास कमेटी पिछले 50 वर्ष से निरंतर कर रही है। इससे न केवल पारंपरिक सनातन संस्कृति से युवा पीढ़ी को परिचित कराया जा रहा है, बल्कि समाज में भक्ति और संस्कारों का भी संदेश प्रसारित किया जा रहा है। इस लीला के साथ ही समाज को भी भगवान श्री राम की भक्ति का संदेश दिया जा रहा है। शनिवार की रात को यहां पर भरत मिलाप का सुन्दर मंचन किया और सभी कलाकारों ने इस लीला का भावपूर्ण और आस्थापूर्ण मंचन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम संयोजक विकल्प जैन ने मंचन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रामलीला मंचन देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं और पुलिस का सहयोग अनुकरणीय है। शनिवार को हुए मंचन में भरत मिलाप की लीला ने दर्शकों की आंखों को नम कर दिया। भरत और श्रीराम के मिलन की इस भावुक प्रस्तुति में कलाकारों ने आस्था, प्रेम और भाईचारे का अद्वितीय संदेश दिया। मंचन के दौरान प्रमुख रूप से रामलीला कमेटी के मुख्य प्रबंधक अनिल ऐरन, अध्यक्ष गोपाल चौधरी, कार्यक्रम संयोजक विकल्प जैन, उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री सुरेंद्र मंगल, मंत्री जितेंद्र कुच्छल, मनोज पाटिल, दिनेश जैन ठेकेदार, अनिल लोहिया, पीयूष शर्मा, राकेश मित्तल, विनोद गुप्ता, निर्देशक पंकज शर्मा, नारायण ऐरन, विजय मित्तल, जितेंद्र नामदेव, और गोविंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








