शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरणगांव में नवरात्रि के उपलक्ष्य में गरबा उत्सव
28 Sep 2025

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरणगांव में नवरात्रि के उपलक्ष्य में गरबा उत्सव
हरणगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरणगांव में शनिवार को सीसीएलई गतिविधि के अंतर्गत नवरात्रि पर्व पर गरबा उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्रीराम राठौर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में पारंपरिक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रतिभा और उत्साह को देखते हुए विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक उपेंद्र मंडलोई, रोहित खत्री, विशाल गोले, प्रभुलाल पटेल, ब्रजमोहन टेलर और कृष्णकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन न केवल विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं एवं संस्कृतियों से जोड़ते हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होते हैं।