सीएम हेल्पलाइन पर झूठी शिकायत करने वालों पर अब होगी सख्त कार्रवाई, सरकार ने बनाई नई व्यवस्था
27 Sep 2025

सीएम हेल्पलाइन पर झूठी शिकायत करने वालों पर अब होगी सख्त कार्रवाई, सरकार ने बनाई नई व्यवस्था
आगर मालवा । जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन अब फर्जी और आदतन शिकायतकर्ताओं के लिए मुसीबत बनने जा रही है , सरकार अब ऐसे फर्जी शिकायतकर्ता ओर ब्लैकमेलरों पर नकेल कसने जा रही है। सरकार ने तय किया है कि झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों पर अब सीधी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर पूरी तैयारी कर ली गई है। सीएम हेल्पलाइन संचालक ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में झूठी और आदतन शिकायतकर्ताओं की सूची तैयार करें। इनकी मोबाइल नंबर सहित पूरी जानकारी समय-समय पर दर्ज की जाएगी और जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। वहीं अब इसे लेकर सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं कि वे फर्जी और आदतन शिकायतकर्ताओं की जानकारी तुरंत जुटाएं। इससे ऐसे लोगों को चिह्नित कर ब्लैकमेलिंग की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके । दरअसल, लगातार मिल रही फर्जी शिकायतों और ब्लैकमेलिंग की कोशिशों से शासन और प्रशासन दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे वास्तविक जरूरतमंदों की शिकायतों के निराकरण में भी बाधा आ रही थी। अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद हेल्पलाइन पर दर्ज असली शिकायतों का समय पर निराकरण और अधिक सुगम हो सकेगा।