मां नवदुर्गा उत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में,एवं काव्य धारा प्रवाह मंच के संयोजन में तिलाड़िया में होगा विराट कवि सम्मेलन”
26 Sep 2025

मां नवदुर्गा उत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में,एवं काव्य धारा प्रवाह मंच के संयोजन में तिलाड़िया में होगा विराट कवि सम्मेलन”

काव्य धारा प्रवाह साहित्यिक मंच के संयोजन में 27 नवम्बर 2025, दिन शनिवार, रात्रि 8:00 बजे ग्राम तिलाड़िया (भैरूंदा से सात किलोमीटर दक्षिण) में विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

 

यह आयोजन मां नवदुर्गा उत्सव सेवा समिति के तत्वावधान में, समस्त ग्रामवासियों की ओर से मां भगवती के प्रांगण में पहली बार किया जा रहा है। कार्यक्रम का संयोजन गजानंद “जिज्ञासु” एवं भगवत सिंह राजपूत के अथक प्रयास से किया गया है, जिनके मार्गदर्शन में आमंत्रित कविगण की एक विशेष टोली तैयार की गई है।

 

विशेष बात यह है कि वर्तमान समय में जहां कवि सम्मेलनों पर अक्सर फुहड़पन के आरोप लगते हैं, वहीं यह आयोजन पूरी तरह सात्विक वातावरण में, मां भगवती के चरणों में साहित्य, भक्ति और राष्ट्रभावना को समर्पित होगा।

 

इस सात्विक कवि सम्मेलन में महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी, साधु-संतों, राम–कृष्ण की गाथाएं, कर्मा बाई, मीरा, कबीर के भक्ति-संदेश, चित्तौड़ के जौहर और संत सिंगाजी जैसी प्रेरक परंपराओं की चर्चाएं होंगी।

 

काव्य धारा प्रवाह साहित्यिक मंच, जो देशभर के नामी-गिरामी कवियों और कवयित्रियों को एक साथ जोड़कर साहित्य, संस्कृति और प्रेरणा का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है, इस ऐतिहासिक आयोजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंच का उद्देश्य है कविता के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना।

 

समस्त ग्रामवासी और साहित्य प्रेमियों से निवेदन है कि इस “सात्विक विराट कवि सम्मेलन” में पधारकर आयोजन को सफल बनाएं और मां भगवती की आराधना एवं साहित्य की इस अनूठी संध्या के साक्षी बनें।