भील चौराहा पर जयस कार्यकर्ताओं ने वलवी दादा को श्रद्धांजलि दी
24 Sep 2025

भील चौराहा पर जयस कार्यकर्ताओं ने वलवी दादा को  श्रद्धांजलि दी
इंदौर। महाराष्ट्र के नंदुरबाग वीर आदिवासी ब्रिगेड के संस्थापक अध्यक्ष प्रकृतिविलीन जयबाबा वलवी दादा को बुधवार को टंट्या भील चौराहा (भंवरकुआ) पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर जयस सामाजिक साथियों के साथ अनेक समाजसेवी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने वलवी दादा के व्यक्तित्व, विचारधारा और उनके समाजहितकारी कार्यों को याद किया। वलवी दादा ने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। वे हमेशा युवाओं को संगठित कर समाज में शिक्षा, संगठन और संघर्ष की भावना जाग्रत करने के लिए प्रेरित करते रहे। उन्होंने न केवल महाराष्ट्र बल्कि मध्यप्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी आदिवासी समाज के लिए जनजागरण अभियान चलाए। उनकी पहल पर कई बार आदिवासी युवाओं को संगठनात्मक मंच मिला और उनकी आवाज़ शासन-प्रशासन तक पहुँची। श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मौन रखकर उन्हें नमन किया और यह संकल्प लिया कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और हक़ों की रक्षा के लिए निरंतर संगठित रहेंगे। जयस कार्यकर्ताओं ने कहा कि वलवी दादा का जीवन आदिवासी समाज के लिए आदर्श है। उनकी सोच और संघर्ष की राह हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। वक्ताओं ने यह भी दोहराया कि समाजहित में वलवी दादा के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। टंट्या भील चौराहे पर आयोजित यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम केवल स्मरण का अवसर नहीं बल्कि समाज के लिए संघर्ष की नई ऊर्जा का प्रतीक भी बना। इस अवसर पर मौजूद रहे.। छोटू मुवेल, चंदू सोलंकी जयस, दीक्षा उईके सहित जयस सामाजिक कार्यकर्त्ता एवं अनेक समाजसेवी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।