हरणगांव में लाउडस्पीकर विवाद का समाधान: पंचायत ने नोटिस की गलती मानी, मुस्लिम समाज से मांगी माफी
24 Sep 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
हरणगांव। मस्जिदों के लाउडस्पीकर को लेकर उपजा विवाद मंगलवार को पंचायत और मुस्लिम समाज के बीच आपसी समझौते के बाद समाप्त हो गया। पंचायत ने स्वीकार किया कि 16 सितंबर को जारी नोटिस में भाषा संबंधी त्रुटि थी, जिससे गलतफहमी पैदा हुई। इस पर पंचायत ने सार्वजनिक माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि उद्देश्य केवल ध्वनि की तीव्रता नियंत्रित रखना था, न कि लाउडस्पीकर बंद कराना।
नवरात्र पर्व के मद्देनज़र पंचायत द्वारा जारी नोटिस में मस्जिदों को लाउडस्पीकर बंद करने का उल्लेख किया गया था। इस पर मुस्लिम समाज ने आपत्ति जताई और थाना हरणगांव तथा एसडीएम खातेगांव को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार को पंचायत कार्यालय में आयोजित विशेष बैठक में सरपंच प्रतिनिधि रवि अग्रवाल और सचिव पुरुषोत्तम शर्मा ने नोटिस की गलती मानी और कहा कि पंचायत की मंशा को लेकर उत्पन्न भ्रम अनजाने में हुआ। बैठक में मुस्लिम समाज ने भी स्पष्ट किया कि वे पहले से ही शासन-प्रशासन एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार मध्यम आवाज़ में अजान देते हैं।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए और एक-दूसरे को मालाएं पहनाकर सौहार्द का संदेश दिया। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पिंडारा कमेटी अध्यक्ष लुकमान खान व अन्य समाजजन मौजूद रहे।
गांव में संभावित तनाव को पंचायत की सार्वजनिक माफी ने समाप्त कर दिया और आपसी भाईचारे का वातावरण पुनः स्थापित हो गया। ग्रामीणों ने भी इस समाधान को सौहार्द की मिसाल बताया।








