रहटा दुर्गा मंदिर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला लाभ
22 Sep 2025
Reporter--Annu khan
फलका (कटिहार), 21 सितम्बर।
फलका प्रखंड के पंचायत पीरमोकाम स्थित रहटा दुर्गा मंदिर प्रांगण में रविवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के कई गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया और मुफ्त दवाइयाँ प्राप्त कीं।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की विस्तृत स्वास्थ्य जाँच की। रक्तचाप, मधुमेह, आँख, त्वचा, दांत और सामान्य रोगों की जांच के साथ-साथ ज़रूरतमंद मरीजों को आवश्यक परामर्श और दवाइयाँ भी दी गईं। कई मरीजों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाता, ऐसे में इस तरह के शिविर बेहद मददगार साबित होते हैं।
शिविर का आयोजन कांग्रेस नेत्री पूनम पासवान की ओर से किया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवार बिना किसी आर्थिक बोझ के इलाज करा सकें। उन्होंने कहा, “आप सबका प्यार और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है। मैं हमेशा की तरह अपने कोढ़ा विधानसभा परिवार के हर दुख–सुख, हर कठिनाई में आपके साथ थी, हूँ और हमेशा आपके साथ खड़ी रहूँगी।”
स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। कई ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद उन्हें घर के पास ही मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हुई हैं। महिलाओं ने कहा कि दूर-दराज़ अस्पताल जाने की परेशानी से बचकर उन्हें बड़ी राहत मिली है। बुजुर्ग मरीजों ने भी दवाइयाँ पाकर संतोष जताया और आयोजकों को धन्यवाद दिया।
शिविर में चिकित्सकों के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने मरीजों की पंजीकरण व्यवस्था, दवाइयों के वितरण और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसे चिकित्सा शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की आम जनता को समय-समय पर स्वास्थ्य लाभ मिलता रहे।








