बड़वानी राजपुर ब्लॉक के ग्राम लिम्बाई में तेंदुए का आतंक, 7 वर्षीय मासूम की मौत
21 Sep 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
राजपुर (बड़वानी)।
राजपुर ब्लॉक के ग्राम लिम्बाई में शनिवार को फिर एक दर्दनाक हादसा हुआ। गांव की 7 वर्षीय मासूम बालिका को तेंदुए ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है।
ग्रामवासियों के अनुसार, बालिका घर के बाहर खेल रही थी तभी झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उसे दबोच लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घायल अवस्था में बच्ची को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ महीनों में लिम्बाई और आसपास के इलाकों में तेंदुए के हमलों से कई निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।








