शादीशुदा युवक ने नाबालिग को किया था अगवा, पुलिस ने बच्ची को किया बरामद, आरोपी फरार
20 Sep 2025

शादीशुदा युवक ने नाबालिग को  किया था अगवा, पुलिस ने बच्ची को किया बरामद, आरोपी फरार
कोरबा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 25 वर्षीय शादीशुदा युवक ने 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां रहने वाली नाबालिग लड़की अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि दीपका थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में रहने वाला युवक संतोष रोहिदास लड़की को अपने घर ले गया था। पुलिस ने वहां दबिश दी और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं पूछताछ में खुलासा हुआ है कि नाबालिग की दोस्ती आरोपी संतोष की बहन से थी। इसी माध्यम से उसकी आरोपी से जान-पहचान हुई। आरोपी ने बहन की बर्थडे पार्टी का झांसा देकर नाबालिग को अपने घर बुलाया और फिर उसे वहीं रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। उसकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है और वह एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करता है। वहीं पीड़िता का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। लड़की के पिता ट्रैक्टर चालक हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। आरोपी की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।