नेमावर में परिवहन विभाग की जांच कार्यवाही – 5 यात्री वाहनों से 26 हजार रूपये का राजस्व वसूला
20 Sep 2025

नेमावर में परिवहन विभाग की जांच कार्यवाही – 5 यात्री वाहनों से 26 हजार रूपये का राजस्व वसूला
देवास। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार परिवहन विभाग द्वारा जिले में लगातार जांच कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान एवं विभागीय दल ने नेमावर में यात्री बसों की सघन जांच की। जांच के दौरान यात्री बसों के परमिट, पंजीयन, बीमा, फिटनेस, मोटरयान कर, पीयूसी, अग्निशमन यंत्र, वीएलटीडी एवं आपातकालीन उपकरणों की जांच की गई। जिन यात्री बसों के परमिट में नेमावर स्टॉपेज अंकित था, उन्हें नियमानुसार बस स्टैण्ड होकर गुजरना अनिवार्य पाया गया। लेकिन कई बसें नियमों का पालन करती नहीं मिलीं। इस पर 5 यात्री वाहनों पर चालानी कार्यवाही कर 26 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों व चालकों को सख्त निर्देश दिए कि यदि परमिट में नेमावर स्टॉपेज दर्ज है तो बस को अनिवार्य रूप से नेमावर बस स्टैण्ड पर रोकना होगा। उन्होंने बताया कि नेमावर क्षेत्र से लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि पुल मरम्मत कार्य की वजह से बसें बस स्टैण्ड होकर नहीं जातीं, जिससे नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस पर विशेष जांच अभियान चलाया गया और मौके पर ही व्यापारियों एवं नागरिकों की समस्याएं भी सुनी गईं।