रिछी में मनाया गया राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का 168वाँ बलिदान दिवस
20 Sep 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास-खातेगाँव | 19 सितम्बर 2025
खातेगाँव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत रिछी में आदिवासी जनजागृति विकास संगठन एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में वीर आदिवासी क्रांतिकारियों राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा स्थापना हेतु भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मोहन पटेल उईके- ने कहा कि 1857 की क्रांति में प्राणों की आहुति देने वाले राजा शंकर शाह और उनके पुत्र कुंवर रघुनाथ शाह, गढ़ा-मंडला और जबलपुर के गोंड राजवंश के प्रतापी राजा संग्राम शाह के वंशज थे। इस राजवंश की अनेक पीढ़ियों ने मातृभूमि एवं आत्मसम्मान की रक्षा हेतु अपने प्राण न्यौछावर किए। राजा संग्राम शाह के पुत्र दलपत शाह, उनकी पत्नी रानी दुर्गावती एवं वीरनारायण ने भी मुगल बादशाह अकबर की सेना से युद्ध कर शौर्यगाथा लिखी। इन्हीं की वंश परंपरा में 11वीं पीढ़ी के शंकर शाह एवं उनके पुत्र रघुनाथ शाह ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के विरुद्ध वीरता पूर्वक बलिदान दिया।








