अहिल्याबाई सेंचुरी के विरोध में बड़वाह SDM कार्यालय का घेराव
18 Sep 2025

अहिल्याबाई सेंचुरी के विरोध में बड़वाह SDM कार्यालय का घेराव
बड़वाह। जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के आव्हान पर गुरुवार को संपूर्ण मध्यप्रदेश से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज और अन्य संगठनों ने बड़वाह SDM कार्यालय का घेराव किया। इंदौर, देवास, खंडवा और खरगोन जिलों से पहुँचे आदिवासियों ने अहिल्याबाई सेंचुरी का विरोध करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जयस प्रदेश अध्यक्ष अंतिम मुजाल्दा ने कहा कि आदिवासी इस देश के मूल मालिक हैं, लेकिन सरकार षड्यंत्रपूर्वक सेंचुरी के नाम पर जमीन से बेदखल करना चाहती है। “जान दे देंगे लेकिन एक इंच जमीन नहीं छोड़ेंगे,” उन्होंने कहा। वहीं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविराज बघेल ने SP और SDM को घेरते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के इशारे पर प्रशासन ग्रामसभा का उल्लंघन कर रहा है और आदिवासियों के अस्तित्व को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सेंचुरी निरस्त नहीं हुई तो आदिवासी सड़कों पर उतरेंगे। प्रदर्शन में देवास जिला अध्यक्ष छतरसिंह ‘छोटू’ मुजाल्दा, पंकज बामनिया सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।