स्वच्छता श्रमदान से “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का शुभारंभ
17 Sep 2025

स्वच्छता श्रमदान से “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का शुभारंभ
खातेगांव। भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष गांधी जयंती (2 अक्टूबर) को “स्वच्छ भारत दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में स्वच्छ भारत मिशन शहरी अंतर्गत दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक “स्वभाव स्वच्छता–संस्कार स्वच्छता” की विशेष थीम पर आधारित “स्वच्छता ही सेवा” राष्ट्रव्यापी अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जनसामान्य की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु नगर में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज वार्ड क्रमांक 14 स्थित बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी, नगर परिषद कर्मचारी एवं सहयोगी संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए और श्रमदान कर अभियान का शुभारंभ किया। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सारिका नरेंद्र चौधरी ने कहा कि – “स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य केवल सफाई नहीं, बल्कि हमारे स्वभाव और संस्कार में स्वच्छता को अपनाना है। यह हम सभी का दायित्व है कि हम इस अभियान में भागीदार बनकर अपने शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने की दिशा में योगदान दें।” मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निखिलेश चिंतामन ने बताया कि – “नगर परिषद खातेगांव नगर की स्वच्छता के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। शासन के इस अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। नगर के प्रत्येक नागरिक से अपेक्षा है कि वे नगर निकाय के प्रयासों में सहयोग प्रदान कर खातेगांव को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में भागीदार बनें।” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में संपूर्ण स्वच्छता लक्षित इकाई, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर सहित अनेक कार्यक्रम नगर में आयोजित किए जाएंगे।
Advertisement
Advertisement