सतवास तहसील का बंजारा समाज ने किया घेराव, तहसीलदार अरविंद दिवाकर को निलंबित कराने की मांग
16 Sep 2025

सतवास तहसील का बंजारा समाज ने किया घेराव, तहसीलदार अरविंद दिवाकर को निलंबित कराने की मांग
देवास | सतवास तहसीलदार अरविंद दिवाकर के खिलाफ बंजारा समाज के हजारों युवाओं ने सोमवार को तहसील परिसर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार, जातिगत भेदभाव और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। समाज का कहना है कि भाजपा के एक बंजारा नेता पर झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई और प्रकरण खत्म करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि तहसीलदार कामकाज में भी घूस की मांग करता है। समाज के नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक तहसीलदार का निलंबन नहीं होता, तब तक वे धरना और चक्काजाम जारी रखेंगे। क्षेत्र में बंजारा समाज के लगभग 20 हजार लोग निवास करते हैं, जो अधिकांशत: गरीब तबके से आते हैं।
सतवास तहसील का बंजारा समाज ने किया घेराव, तहसीलदार अरविंद दिवाकर को निलंबित कराने की मांग
सांसद और भाजपा जिलाध्यक्ष का आश्वासन प्रदर्शन के दौरान समाज के नेताओं ने खंडवा-बागली सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने जल्द ही तहसीलदार को हटाने का आश्वासन दिया, लेकिन समाज के लोगों ने कहा कि जब तक निलंबन की कार्रवाई नहीं होती, वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। जांच होगी, दोषियों पर कार्रवाई – एसडीएम कन्नौद एसडीएम कृष्णकांत तिलवारे ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सांसद का बयान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा – "मेरे संज्ञान में तहसीलदार की और भी शिकायतें हैं। भ्रष्टाचार में लिप्त इस तरह के अधिकारी को हटाने के लिए कलेक्टर से बात की जाएगी।" प्रभावित भाजपा नेता का आरोप भाजपा नेता ने बताया – "मेरे ऊपर रेत के अवैध कारोबार का आरोप लगाया गया, जबकि मेरे पास न ट्रैक्टर है, न ही कोई किराए का वाहन। मैं गरीब और पिछड़े वर्ग से हूं। तहसीलदार ने प्रकरण खत्म करने के नाम पर मुझे तहसील बुलाकर एक लाख रुपये मांगे।" लगभग छह घंटे तक चला धरना करीब छह घंटे तक सतवास तहसील परिसर में बंजारा समाज के हजारों लोग डटे रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि तहसीलदार ने समाज को "आपराधिक प्रवृत्ति का" बताया है। समाज का कहना है कि सतवास क्षेत्र के अन्य पीड़ित लोग भी धरने में शामिल हो रहे हैं।