गोवा में गूँजी आदिवासी एकता की आवाज, 17 राज्यों से उमड़ा जनसैलाब।
15 Sep 2025
रिपोर्टर--सुनिल निगवाल
अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी अधिकार दिवस : गोवा में उमड़ा जनसैलाब
17 राज्यों से 2500 प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, आदिवासी एकता और अधिकारों पर हुआ मंथन
मडगांव (गोवा)।
आदिवासी समन्वय मंच भारत के तत्वावधान में 13 सितंबर को मडगांव, गोवा में दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी अधिकार दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ।
राम मनोहर लोहिया पार्क से निकली आदिवासी सांस्कृतिक एकता महारैली मनोहर पर्रिकर इंदौर स्टेडियम पहुंचकर विशाल सभा में परिवर्तित हुई। इस आयोजन में देश के 17 राज्यों से करीब 2500 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन सत्र में मंच के राष्ट्रीय संयोजक अशोक चौधरी ने प्रस्तावना रखी। इस दौरान विश्वनाथ तिर्की (झारखंड) को मंच का राष्ट्रीय अध्यक्ष नामित किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान से सांसद राजकुमार रोत सहित विभिन्न राज्यों से आए बुद्धिजीवियों ने आदिवासी समाज की समस्याओं, संवैधानिक और प्राकृतिक अधिकारों पर अपने विचार रखे।
गोवा के विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुति देकर आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए आयोजित विशेष सत्र का संचालन मध्यप्रदेश के धार जिले की रिना मोर्या (धरमपुरी) ने किया।








