विधायक शेखावत बोलने दोगे तो ही पीएम के साथ मंच पर रहूंगा :
12 Sep 2025
रिपोर्टर--सुनिल निगवाल
धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर धार जिले के बदनावर आ रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत और प्रशासन के बीच दिलचस्प स्थिति बन गई है। विधायक शेखावत ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि उन्हें मंच से बोलने का अवसर नहीं दिया जाएगा, तो वे प्रधानमंत्री के साथ मंच पर नहीं बैठेंगे।
विधायक शेखावत ने कहा— “पीएम हमारे इलाके में आ रहे हैं, उनका स्वागत है, लेकिन मैं गुलदस्ता बनकर मंच पर नहीं बैठ सकता। यदि विधायक होने के नाते मेरी मौजूदगी चाहिए तो मुझे बोलना भी पड़ेगा। वरना मेरे वोटर कहेंगे कि मैं सिर्फ मंच सजाने के लिए बैठा था।”
सूत्रों के अनुसार, धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शेखावत को फोन कर जानकारी दी कि प्रोटोकॉल के तहत न्यौते और नाम-पट्टिका में उनका नाम शामिल है। लेकिन भाषण का अवसर मिलना प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रोटोकॉल पर निर्भर करेगा। इस पर विधायक शेखावत ने कहा कि सरकार और पीएमओ से साफ कर लो कि मुझे बोलने देंगे या नहीं, उसी से तय होगा कि मंच पर रहूंगा या नहीं।
गौरतलब है कि बदनावर विधायक शेखावत का विधानसभा क्षेत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यहां आगमन राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








