पटाखा फैक्टरी में विस्फोट: दो आरोपी हुए गिरफ्तार,
07 Sep 2025

पटाखा फैक्टरी में विस्फोट: दो आरोपी हुए गिरफ्तार,
गुडंबा के बेहटा गांव 31 अगस्त को हुए पटाखे के विस्फोट और गांव से बरामद हुए भारी मात्रा में बारूद व पटाखों के मामले में नामजद दो और आरोपियों को रविवार पुलिस ने गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी बेहटा निवासी मो. नसीर और याकूब पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।31 अगस्त को हुए विस्फोट में चार लोगों आलम, मुन्नी, इरशाद और नदीम की मौत हो चुकी है। बेहटा में विस्फोट के बाद दो केस दर्ज कराए गए थे। 31 अगस्त को सुबह हुए धमाके में तत्कालीन चौकी प्रभारी बेहटा संतोष पटेल ने आलम, उसके भतीजे शेरू, शोएब और गांव के रहने वाले टीनू और उसके भाई अली अहमद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। वहीं, दूसरी एफआईआर इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेष कुमार श्रीवास्तव ने बेहटा गांव के अली अहमद, याकूब, शेरू, नसीम, अफजल और अली अकबर के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में दर्ज कराई थी। आरोपियों के गोदाम से भारी मात्रा में अवैध पटाखे व बारूद मिले थे। घटना के बाद से सभी आरोपी भाग निकले थे। गुडंबा पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को नामजद आरोपी अली अहमद को गिरफ्तार किया था। रविवार को चौकी इंचार्ज हरिओम पटेल और दरोगा कृपा राम यादव को मुखबिर और सर्विलांस की मदद से सूचना मिली कि नसीर और याकूब स्कार्पियो क्लब के पास मौजूद हैं और भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने दोनों पर इनाम घोषित कर रखा था। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश डाल रही है।