पाली थाना के अंतर्गत खेत में मिला 65 वर्षीय महिला का शव
04 Sep 2025

पाली थाना के अंतर्गत खेत में मिला 65 वर्षीय महिला का शव
कोरबा - पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम झोरकीपारा पंचायत बतरा से सोमवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के खेत में 65 वर्षीय चंदर बाई श्याम का शव मिलने से पूरे इलाके में खौफ और दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने जब खेत में शव देखा तो चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। जिसकी सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा की टीम ने घटनास्थल पर पहुची और बारीकी से निरीक्षण किया। वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. राजीव सिंह, महिला आरक्षक रूबिना बेगम और आरक्षक राजेश कुमार चंद्र ने घटनास्थल से संदिग्ध साक्ष्य व सुराग जब्त किए, जिन्हें FSL जांच के लिए भेजा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। हालांकि गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है। कई ग्रामीणों का कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।