मोदी की गारंटी की खोज में रंगोली, कोरबा में एक और मौत: एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल का 16वां दिन
02 Sep 2025

मोदी की गारंटी की खोज में रंगोली, कोरबा में एक और मौत: एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल का 16वां दिन
रायगढ़ :- छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 16,000 से अधिक संविदा कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आज, हड़ताल के 16वें दिन, रायगढ़ जिले के 500 से अधिक कर्मचारियों ने “गारंटी की भी गारंटी – मोदी की गारंटी” रंगोली बनाकर सरकार की वादाखिलाफी पर तीखा तंज कसा। कर्मचारी पूछते हैं, “मोदी की गारंटी का ढोल पीटने वाले, हमारी मांगों का लिखित आदेश कहाँ है?” कोरबा में एक और कर्मचारी की दुखद मृत्यु हड़ताल के बीच कोरबा जिले से एक और दुखद खबर आई। लैब टेक्नीशियन मुकेश चौहान का निधन हो गया। रायगढ़ के एनएचएम कर्मचारियों ने मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कर्मचारी संघ ने इसे “शासन की उदासीनता का परिणाम” बताया, क्योंकि लंबे समय से तनाव और अनिश्चितता ने कर्मचारियों को मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ दिया है। “20 साल से हमारी मेहनत को ठगा जा रहा है, और अब हमारे साथी जान गँवा रहे हैं। क्या सरकार को अब भी नींद नहीं टूटेगी?” – एनएचएम कर्मचारी संघ, रायगढ़।
Advertisement
Advertisement