कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं मिलने से बिगड़ी सर्पदंश पीड़ित महिला की हालत, परिजनों ने किया हंगामा
02 Sep 2025

कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं मिलने से बिगड़ी सर्पदंश पीड़ित महिला की हालत, परिजनों ने किया हंगामा
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार देर रात स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई। मौलिनभांठा निवासी 55 वर्षीय महिला अनिता श्रीवास को खाट पर सोते समय जहरीले सांप ने काट लिया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन घबराए और तत्काल उन्हें कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र ले आए।डॉक्टर नहीं मिले, एक घंटे तक इंतजार अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को बड़ा झटका लगा। आपात स्थिति होने के बावजूद अस्पताल परिसर में कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। परिजन और स्थानीय लोग करीब एक घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे। इस दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। नर्सिंग स्टाफ ने शुरू किया इलाज डॉक्टर की अनुपस्थिति में नर्सिंग स्टाफ ने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मरीज की स्थिति को गंभीर देखते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच, बीएमओ को सूचना दिए जाने के बाद भी वे मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों का गुस्सा और भड़क गया। लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए अंततः महिला को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी बी. एन. केसरी ने बताया कि घटना के समय एक डॉक्टर छुट्टी पर थे, दूसरा शिविर में गया था और तीसरा डॉक्टर ओपीडी में व्यस्त था। उन्होंने माना कि मरीज का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था और आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। घटना की जानकारी मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व स्थानीय लोगों को समझाइश दी। तब जाकर मामला शांत हुआ। ग्रामीणों ने उठाए सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर डॉक्टर मौजूद रहते तो मरीज की हालत इतनी गंभीर नहीं होती। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से सवाल किया कि आपातकालीन स्थिति में अगर डॉक्टर ही अनुपस्थित रहेंगे तो आमजन को भरोसा किस पर रहेगा ?