कोरबा में मानवता शर्मसार: खेत में थैली में फेंका नवजात, रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण, जिंदगी से जूझता मिला
02 Sep 2025
Reporter-- Ravishankar
कोरबा में मानवता शर्मसार: खेत में थैली में फेंका नवजात, रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण, जिंदगी से जूझता मिला
कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पाली थाना क्षेत्र के डोंगनाला गांव में एक किसान की बाड़ी से नवजात शिशु बरामद हुआ है। शिशु को प्लास्टिक की थैली में लपेटकर खेत में फेंका गया था। हैरानी की बात यह रही कि शिशु जिंदा था और जोर-जोर से रो रहा था। उसके शरीर पर कीड़ों और चींटियों के काटने के कई निशान पाए गए हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार डोंगनाला गांव के किसान सत्ते सिंह मरकाम की बाड़ी से लगे खेत में सुबह करीब 11 बजे अन्य किसान काम कर रहे थे। तभी उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। जब आवाज की दिशा में गए तो देखा कि एक प्लास्टिक की थैली में नवजात शिशु पड़ा हुआ है। यह नजारा देखकर सभी दंग रह गए और तुरंत गांव में इसकी खबर फैल गई। कुछ ही देर में दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह बेहद अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है, जिसे किसी निर्दयी मां या परिवार ने अंजाम दिया होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की कड़ी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि गांव में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिसने सभी को आक्रोशित कर दिया है।
पुलिस जांच जारी
पाली थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। नवजात को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है।








