हरदोई के सुरसा में दो युवकों की मौत : जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, दोनों की रात में अचानक बिगड़ी तबीयत
23 Jan 2026

हरदोई के सुरसा में दो युवकों की मौत :

हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। पहली घटना सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम तुंदवल के मजरा कहटरा में हुई। यहां 28 वर्षीय चंदन बुधवार को काम से लौटने के बाद रात करीब 10 बजे अचानक बीमार पड़ गया। पिता बृजनंदन और परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चंदन अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। दूसरी घटना भी इसी ग्राम सभा के तुंदवल गांव में हुई। हरपालपुर के सूरजूपुर दूरजना निवासी 19 वर्षीय रचित यादव अपने नाना बाबूराम के साथ रहता था। गुरुवार रात रचित की तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। हालांकि, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सुरसा थाना प्रभारी सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की बात सामने आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement