सुपौल नाव हादसा: पाँच महिलाओं की दर्दनाक मौत, सांसद पप्पू यादव पहुँचे पीड़ित परिवारों से मिले
04 Oct 2025

सुपौल नाव हादसा: पाँच महिलाओं की दर्दनाक मौत, सांसद पप्पू यादव पहुँचे पीड़ित परिवारों से मिले

सुपौल (बिहार): सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत डहेरिया पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित चकला टोला गाँव में नाव पलटने की भीषण घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है। इस दर्दनाक हादसे में गाँव की पाँच महिलाओं की असमय मौत हो गई, जिससे न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गमगीन है। सूत्रों के अनुसार, ग्रामीण महिलाएँ रोज़ की तरह नाव से नदी पार कर रही थीं कि अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई। नाव पर सवार लोग नदी में डूबने लगे। ग्रामीणों के प्रयास से कई लोगों को बचा लिया गया, लेकिन पाँच महिलाओं को नहीं बचाया जा सका। उनके शव बाहर निकाले जाने के बाद पूरे गाँव में कोहराम मच गया। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ़ पप्पू यादव शुक्रवार को चकला टोला पहुँचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाक़ात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। सांसद ने हर मृतक परिवार को अपनी ओर से ₹10-10 हज़ार की आर्थिक सहायता प्रदान की और आश्वासन दिया कि आगे भी हर संभव मदद की जाएगी। सांसद पप्पू यादव ने कहा, “यह घटना बेहद दर्दनाक है। पाँच परिवारों ने अपनी बेटियों और बहनों को खो दिया। मैं इस कठिन घड़ी में हर पीड़ित परिवार के साथ हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।” घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से माँग की है कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवज़ा दिया जाए और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचने के लिए नाव संचालन की पुख़्ता व्यवस्था की जाए। गाँव के लोग सांसद के पहुँचने और संवेदना व्यक्त करने से भावुक हो उठे। उनका कहना था कि प्रशासनिक सहायता तो बाद में मिलती है, लेकिन पप्पू यादव जैसे नेता तुरंत पहुँचकर सांत्वना देते हैं और व्यावहारिक सहयोग करते हैं।