सर्वाइकल कैंसर से बचाव को जनपद में चलेगा विशेष अभियान 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं की लाइन लिस्ट तैयार,
15 Jun 2026

सर्वाइकल कैंसर से बचाव को जनपद में चलेगा विशेष अभियान

बहराइच, 14 जून। जनपद में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का कवरेज अपेक्षा से कम रहने पर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रणनीति लागू की है। महिलाओं को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर सभी सीएचसी अधीक्षकों को पात्र बालिकाओं की पहचान, परिवारों से संवाद, सामुदायिक सहभागिता और नियमित विशेष सत्रों के माध्यम से टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं की लाइन लिस्ट तैयार कर ली है। इसमें उन बालिकाओं को शामिल किया गया है जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन बालिकाओं की संख्या जनपद की कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत है। इस सर्वे कार्य में आशा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी इस मुहिम से सक्रिय रूप से जोड़ा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे और सभी को समय पर टीकाकरण का लाभ मिले।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को जिले के सभी उपकेंद्रों पर विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। सत्रों से पहले परिवारों को जागरूक किया जाएगा तथा प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को कम से कम पांच पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

अभियान को व्यापक बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के प्रभावशाली लोगों को भी जोड़ रहा है। उपकेंद्रों पर आयोजित सत्रों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में भी प्राथमिकता के आधार पर एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक टीके की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और बेटियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement
Advertisement