बांदा: पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नरैनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अपराधी को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार किया है। दिनांक 15/16 जून 2026 की रात्रि में थाना नरैनी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम हड़हा स्थित नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर शातिर अपराधी आजम खाँन (पुत्र तैय्यब खाँन, निवासी कबौली) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 01 अवैध तमंचा (315 बोर) और 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त एक संगठित आपराधिक गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट और अन्य संगीन वारदातों को अंजाम देता रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी थाना गिरवां में लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना नरैनी में मु0अ0सं0 145/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है।









