एटा जनपद के अलीगंज कोतवाली स्थित डाक बंगला के पास शराब के ठेके के सामने शुक्रवार को दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस के इतने करीब होने के बावजूद दोनों के बीच बेल्टों, लात-घूंसों से हमला होता रहा और किसी का खौफ नजर नहीं आया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में आपा खो बैठे और सड़क पर ही बेल्ट निकालकर एक-दूसरे को पीटने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी ईंट मार-मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवक बीच सड़क पर बेल्टों से एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन दोनों किसी की सुनने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कोतवाली अलीगंज में तैनात दरोगा पंकज मणि मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि नशे में धुत युवकों पर समझाइश का कोई असर नहीं पड़ा और वे हंगामा करते रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कोतवाली के इतनी नजदीक इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









