बहराइच 01 जुलाई। जनपद में संचारी रोगों के उन्मूलन और जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को श्विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियानश् का शुभारंभ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से स्वच्छता अपनाने और संचारी रोगों से बचाव के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने लोगों से स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने तथा शौचालय का नियमित प्रयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने सलाह दी कि मच्छरों से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और कूलर, फ्रिज के पीछे, गमलों, टायरों, छतों तथा अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, लगातार सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, क्योंकि समय पर जांच और उपचार से अधिकांश संचारी रोगों से होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचाव संभव है।
अंतर्विभागीय समन्वय से चलेगा अभियान-
सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 31 जुलाई तक पूरे जनपद में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और कालाजार के लक्षणयुक्त व्यक्तियों के साथ-साथ कुपोषित बच्चों और दस्त रोग से पीड़ित मरीजों को चिह्नित करेंगी। इन सभी मरीजों का विवरण ई कवच पोर्टल पर दर्ज कर उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायतीराज, नगर निकाय, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार सहित विभिन्न विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इस दौरान डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, चिकनगुनिया, जेई, एईएस तथा अन्य संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर रहेगा।
सीएचसी चित्तौरा के अधीक्षक डॉ. अभिषेक अग्निहोत्री ने बताया कि जागरूकता वाहन गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव एवं उपचार की जानकारी देगा। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक कर्मचारी, भारी संख्या में आशा कार्यकर्ता, एएनएम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









