बहराइच 14 जून। मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के संकल्प तथा अभूतपूर्व विकास एवं सतत समृद्धि के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खण्ड चितौरा में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मा. राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग/प्रभारी मंत्री जनपद बहराइच श्री दिनेश प्रताप सिंह ने विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, भाजपा उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि शिवम जायसवाल, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों व अधिकारियों के साथ जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का फीता काटकर शुभारम्भ किया।
जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के शुभारम्भ के पश्चात प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने अतिथियों एवं अधिकारियों के साथ जनकल्याण शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, चिकित्सा विभाग, खादी ग्रामोद्योग, बैंक विभाग, रेशम विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी स्टालों का का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रभारी मंत्री ने आईसीडीएस के कैम्प में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा बच्चों का अन्नप्रासन कराया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। जबकि जिलाधिकारी मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वक्तागण द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं तथा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्राप्त हुए हैं। महिलाओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है तथा वे परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम में एक किसान प्रतिनिधि ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, सिंचाई सुविधाओं तथा किसान कल्याण योजनाओं से किसानों को मिल रहे लाभों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से कृषि उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आय में वृद्धि हुई है।
जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। कार्यक्रम के दौरान मा. प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की अपील के अनुसार ‘‘एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के तहत सहजन पौध का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान भी किया।
उल्लेखनीय है कि मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत 14 से 16 जून तक ब्लाक मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।









