राजौर में हाट बाजार, PDS राशन वितरण एवं नर्मदा किनारे शराब दुकान से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में ज्ञापन सौंपा
21 Jan 2026

राजौर में हाट बाजार, PDS राशन वितरण एवं नर्मदा किनारे शराब दुकान से
राजोर/खातेगांव- देवास जिले की खातेगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत राजौर में रविवार को लगने वाले हाट बाजार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण की अनियमितताओं तथा नर्मदा नदी के समीप संचालित देशी-विदेशी शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। इन सभी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचकर सरपंच को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को लगने वाला हाट बाजार उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है, लेकिन मांस, मुर्गा एवं मछली की दुकानें गांव के बीचो-बीच लगाए जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। साथ ही इससे आसपास के रहवासियों एवं हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि इन दुकानों को गांव से बाहर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ज्ञापन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण में अनियमितताओं का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा नर्मदा नदी के समीप संचालित देशी-विदेशी शराब दुकान को लेकर भी ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि नर्मदा नदी एक पवित्र धार्मिक स्थल है और शासन के नियमों के अनुसार इसके आसपास शराब दुकान संचालित नहीं की जानी चाहिए। इससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से ग्राम पंचायत एवं संबंधित प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Advertisement
Advertisement