राजौर–दावठा नर्मदा परिक्रमा मार्ग का भूमिपूजन, 3.86 करोड़ की लागत से बनेगी पक्की सड़क
25 Dec 2025
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
राजोर/खातेगाँव —
खातेगांव विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा परिक्रमा वासियों और क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली है। विधायक आशीष शर्मा ने राजौर से दावठा तक प्रस्तावित नर्मदा परिक्रमा मार्ग निर्माण कार्य का ग्रामवासियों की उपस्थिति में विधिवत भूमिपूजन किया।
3.5 किलोमीटर लंबी इस पक्की सड़क का निर्माण ₹386.16 लाख (लगभग 3 करोड़ 86 लाख रुपये) की लागत से किया जाएगा। सड़क निर्माण से नर्मदा परिक्रमा पर आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा जहां अधिक सुरक्षित और सुगम होगी, वहीं क्षेत्र के ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरे वर्ष बना रहेगा।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि यह मार्ग धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था सुदृढ़ होगी, ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरी होने पर विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।








