खीरों कस्बे में स्थित राजकीय बीज भंडार पर सुबह छह बजे से ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। किसान गेहूं का बीज लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े थे।
हालांकि, कई किसानों को बीज नहीं मिल पाया क्योंकि उनके अंगूठे पीओएस मशीन पर नहीं लग सके। इसके कई कारण बताए गए। कुछ किसानों का पंजीकरण नहीं हुआ था, जबकि कुछ के नाम, पिता का नाम या पते की स्पेलिंग आधार कार्ड से मेल नहीं खा रही थी।
इसके अतिरिक्त, कुछ किसान दूसरे ब्लॉक के गांवों से आए थे, जिन्हें पीओएस सिस्टम स्वीकार नहीं कर रहा था। इन कारणों से आधार कार्ड लेकर पहुंचे कई किसानों को उन्नत संशोधित गेहूं बीज के बिना ही निराश लौटना पड़ा।
राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया कि आज के लिए 100 क्विंटल गेहूं बीज का स्टॉक उपलब्ध था। इसमें से 5 क्विंटल का वितरण किया जा चुका है
और शेष वितरण प्रक्रिया जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकृत किसान अपना अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर रहे हैं। किसानों को उनकी जमीन के हिसाब से क्रमवार बीज वितरित किया जा रहा है।








