मोटी तनख्वाह का लालच देकर भेजा सऊदी अरब, मुज़फ्फरनगर का युवक ठगी का शिकार, अब मांगी जा रही तीन लाख की फिरौती
18 Nov 2025
Reporter--Shantanu
मोटी तनख्वाह का लालच देकर भेजा सऊदी अरब, मुज़फ्फरनगर का युवक ठगी का शिकार—अब मांगी जा रही तीन लाख की फिरौती
मुज़फ्फरनगर।
बेहतर कमाई और उज्जवल भविष्य का सपना लेकर सऊदी अरब पहुंचे मुज़फ्फरनगर के युवक को भारी ठगी का सामना करना पड़ा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव न्याजुपुरा निवासी रिजवान खान को थानाभवन निवासी आरिफ ने मोटी तनख्वाह दिलाने का झांसा देकर 1,70,000 रुपये लेकर सऊदी अरब भेज दिया।
वहाँ पहुँचने के बाद रिजवान को कोई काम नहीं मिला और अब वह गंभीर संकट में फँस गया है। रिजवान ने विदेश से वीडियो जारी कर बताया कि वह वहाँ बुरी तरह फंस चुका है और अब उससे 3 लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। रिजवान खान ने कहा कि थानाभवन निवासी आरिफ ने उसे सऊदी अरब में भेजा था और यह भी आश्वासन दिया था कि मेरा भाई तुझे लेने के लिए एयरपोर्ट पर आयेगा और सारी व्यवस्था वही करेगा, लेकिन उसे एयरपोर्ट पर लेने के लिए कोई नहीं आया। वह टैक्सी करके खुद किसी तरह अपने रिश्तेदार भाई के पास पहुंचा आरिफ के भाई के कमरे पर गया,और उसके भाई को ढूंढने में लगा लेकिन वह नहीं मिला। अब पिछले दस दिनों से वह अकेला ही वहां पर फंसा हुआ है और खाने-पीने में उसके छह सौ रियाल भी खर्च हो चुके हैं। इस मामले में रिजवान खान की मां रानी पत्नी फिरोज, निवासी न्याजुपुरा, ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर आरिफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महिला ने बताया कि उनके बेटे को गलत तरीके से विदेश भेजा गया और अब उसे धमकियाँ मिल रही हैं। पीड़ित युवक की मां ने पुलिस से आरोपी युवक आरिफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पूरा परिवार किसी अनहोनी की आशंका से बहुत परेशानी में हैं।
पीड़ित महिला वह पीड़ित ने मामले की जानकारी राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी को भी दी, जिन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
मनीष चौधरी ने कहा कि
“थानाभवन निवासी आरिफ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।” रिजवान खान को वापस भारत लाने के लिए केंद्र सरकार से भी हस्तक्षेप करने की मांग की गई है। मनीष चौधरी का कहना है कि आरिफ जैसे लोगों का पूरा गिरोह है, जो इसी तरह से जरुरतमंदों को फंसा कर उनसे मोटी रकम ऐंठ कर उन्हें सऊदी अरब में शेखों के हाथों बेच देते हैं, जिसके बाद उनका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जाता है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर भारत लोक सेवक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केपी चौधरी भी मौजूद रहे









