एटा। मारहरा कस्बे स्थित बी पैक्स सहकारी समिति परिसर में रविवार को वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सचिव नेमसिंह ने वर्षभर के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मारहरा ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि और समिति अध्यक्ष संतोष कुमारी का फूल-माला और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एडीओ नरपत सिंह वर्मा ने किया।
किसानों को मिलेंगे और अधिक लाभः ब्लॉक प्रमुख
ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा ने बताया कि सहकारी समिति किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के साथ-साथ कम ब्याज दर पर ऋण भी प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि मारहरा विकास खंड में वर्तमान में तीन सहकारी समितियां संचालित हैं, जबकि अब त्रिलोकपुर और पिदौरा में दो नई समितियां भी खाद वितरण का कार्य शुरू करेंगी।
उन्होंने किसानों से समिति की सदस्यता लेने और खाता खुलवाने की अपील की, ताकि किसी भी सुविधा के लाभ लेने में परेशानी न हो।
आय-व्यय रिपोर्ट पेश, इंटरलॉकिंग पट्टिका का अनावरण
सचिव नेमसिंह ने बैठक में वर्षभर की आय-व्यय रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इसके अतिरिक्त समिति में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य की पट्टिका का अनावरण मुख्य अतिथि रवि वर्मा और समिति अध्यक्ष संतोष कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।
सैकड़ों किसान रहे मौजूद
बैठक में समिति आंकिक ब्रजेश कुमार, रामसिंह, उदयवीर सिंह, डॉ. जय सिंह, डॉ. सरदार सिंह, कॉपरेटिव बैंक शाखा प्रबंधक, छत्रपाल सिंह, महाराज सिंह, राम प्रकाश, राजपाल सिंह, मीरा देवी, गोमा देवी सहित सैकड़ों किसान और सदस्य मौजूद रहे।








