ब्राह्मण समाज में उबाल: IAS संतोष वर्मा की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सौंपा गया ज्ञापन, कठोर कार्रवाई की मांग तेज
28 Nov 2025

ब्राह्मण समाज में उबाल: IAS संतोष वर्मा की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में सौंपा गया ज्ञापन, कठोर कार्रवाई की मांग तेज
केवलारी– अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में कथित रूप से दिए गए आपत्तिजनक बयान के खिलाफ ब्राह्मण समाज में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी मामले में ब्लॉक ब्राह्मण समाज केवलारी ने आज मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर आईएएस संतोष वर्मा के विरुद्ध तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार, 23 नवम्बर 2025 को भोपाल में आयोजित अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में, अजाक्स के प्रांताध्यक्ष एवं पदस्थ आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा द्वारा सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण समाज की बहु-बेटियों के संबंध में कथित रूप से अत्यंत अभद्र, अशोभनीय एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। समाज के लोगों ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल उनकी मर्यादा और सम्मान पर प्रहार करती है बल्कि एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के आचरण एवं गरिमा के पूरी तरह विपरीत है समाजजनों ने अपने ज्ञापन में कहा कि “एक आईएएस अधिकारी जैसे उच्च पद पर बैठा व्यक्ति जब किसी समाज विशेष की महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करता है, तो यह न केवल अस्वीकार्य है बल्कि द्वेषपूर्ण मानसिकता का परिचायक भी है। ऐसी बयानबाजी से पूरी ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और कानूनन भी यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।” उन्होंने कहा कि संतोष वर्मा का वक्तव्य प्रशासनिक निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाता है और यह दर्शाता है कि वे अपने पद का सम्मान और संवैधानिक मर्यादा का पालन करने में विफल रहे हैं। समाजजनों ने इसे “नीच, असंवेदनशील और विषैली मानसिकता” करार देते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं की जा सकती। ब्राह्मण समाज केवलारी द्वारा निम्नलिखित माँगें प्रमुखता से की गईं— संतोष वर्मा के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से विभागीय जांच एवं कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उनकी अभद्र एवं महिलाओं का अपमान करने वाली टिप्पणी के लिए भारतीय दंड संहिता की उपयुक्त धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें वर्तमान पद से तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। भविष्य में कोई भी अधिकारी किसी समाज विशेष के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करने का साहस न कर सके, इसके लिए उदाहरण प्रस्तुत करने वाली कार्रवाई की जाए। समाज में तेज हुआ आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन सौंपने पहुंचे ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। उनका कहना था कि समाज की बहु-बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में भी किसी समुदाय विशेष की महिलाओं के विरुद्ध ऐसी घृणित टिप्पणी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि, युवा एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।