बुद्ध पूर्णिमा पर बौद्ध समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा
02 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर एटा में बौद्ध समाज द्वारा भव्य मेला एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा, उत्साह और सेवा भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। पटियाली गेट से निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में गौतम बुद्ध के जीवन प्रसंगों को दर्शाती आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश प्रमुख रूप से प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे नारी सशक्तिकरण की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने शोभायात्रा की शोभा को और बढ़ाया।
जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा झांकियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे माहौल भावुक और आध्यात्मिक हो उठा। भीषण गर्मी को देखते हुए बौद्ध अनुयायियों ने सेवा का विशेष ध्यान रखते हुए पटियाली गेट पर स्टॉल लगाकर ठंडा मीठा जल, रूहअफ़ज़ा और शरबत का वितरण किया। राहगीरों और श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे मानवता की सच्ची मिसाल बताया।
बौद्ध समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण—तीनों की स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है। यह दिन हमें सत्य, अहिंसा, करुणा और मध्यम मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर राजेंद्र सिंह (शारदा मेडिकल स्टोर), फलराम सिंह कुशवाह (भाजपा बूथ अध्यक्ष), विनय वार्ष्णेय, हेमंत कुशवाह, राधेश्याम शाक्य बाबा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Advertisement









