बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा रोकने की मांग अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल केवलारी ने सौंपा ज्ञापन
23 Dec 2025
रिपोर्टर --बसंत यादव
केवलारी।
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही कथित हिंसा, उत्पीड़न और हत्याओं को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल केवलारी द्वारा प्रशासन के माध्यम से भारत सरकार को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तत्काल और प्रभावी प्रयास किए जाएं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि पिछले वर्ष बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती शेख हसीना सरकार के तख्ता पलट के बाद वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाओं में अत्यधिक वृद्धि हुई है। परिषद के अनुसार अब तक हिंसा, उत्पीड़न और हत्याओं की लगभग 88 बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें हजारों लोगों को मौत के घाट उतारे जाने का दावा किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि बांग्लादेश में हालात 1971 जैसे बनते जा रहे हैं। हिंदू मंदिरों को तोड़ा जा रहा है, हिंदुओं के घरों को जलाया जा रहा है तथा लूटपाट और मारकाट की घटनाएं खुलेआम हो रही हैं, जो गंभीर धार्मिक भेदभाव को दर्शाती हैं।अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि मुस्लिम कट्टरपंथियों द्वारा हिंदू युवक दीपू चंद दास की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाकर जलाया गया। इसके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री के आवास को भी आग के हवाले कर दिया गया है। पूरे देश में सरेआम आगजनी की घटनाएं हो रही हैं और बांग्लादेश सुलग रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस्लामिक कट्टरपंथी आतंकवादी उस्मान हादी की मृत्यु के बाद ढाका में भारत विरोधी षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, जिससे पूर्वोत्तर भारत पर खतरा उत्पन्न हो गया है। परिषद का आरोप है कि वहां की सत्ता, सेना और सरकार गृहयुद्ध जैसे हालात के सामने लाचार नजर आ रही है। ज्ञापन में गंभीर चिंता जताते हुए कहा गया कि “अल्लाह हू अकबर” के नारों के साथ मकानों और दुकानों में आग लगाई जा रही है। तथाकथित “ग्रेटर बांग्लादेश” का नक्शा बनाकर भारत की सीमाओं को चुनौती देने की तैयारी की जा रही है और हिंदुओं को खुलेआम जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। ऐसे में बांग्लादेश में रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों का जीवन गंभीर खतरे में है। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो डॉ. प्रवीणभाई तोगड़िया के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल पूरे देश में बांग्लादेश के विरोध में आंदोलन करेगा। अंत में ज्ञापन के माध्यम से भारत सरकार से सादर अनुरोध किया गया कि बांग्लादेश के राष्ट्राध्यक्ष/प्रधानमंत्री से वार्ता कर तथा भारतीय दूतावास के माध्यम से वहां रह रहे हिंदुओं की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए उचित निर्देश जारी किए जाएं, ताकि अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को राहत और सुरक्षा मिल सके।








