बाँदा: पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल के निर्देशन में थाना बिसंडा और एसओजी (SOG)
की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतर्राज्यीय गिरोह का
भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता
हासिल की है। विगत जून और जुलाई माह में थाना बिसंडा क्षेत्र से ट्रैक्टर और ट्राली चोरी की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी थी। इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी पलाश बंसल ने तत्काल खुलासा करने हेतु विशेष टीम गठित की
थी। पुलिस ने सटीक सूचना पर दो आरोपियों— जयचन्द्र और मोहम्मद
नफीस (दोनों निवासी रायबरेली) को गिरफ्तार किया है। टीम ने इनके पास से चोरी की
ट्रैक्टर-ट्राली, ट्राली बेचने से प्राप्त 20,000 रुपये नकद और एक अवैध तमंचा (315
बोर) व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह का एक अन्य
साथी फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बिसंडा स्थित एक
गैराज और ग्राम पारा बिहारी से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की थी। उन्होंने बताया कि वे
इन वाहनों को चुराकर अन्य जनपदों या राज्यों में खपा देते थे। एक ट्राली को वे पहले
ही बेच चुके थे, जिसके पैसे बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस गुडवर्क के लिए बिसंडा पुलिस और एसओजी टीम की
सराहना की है। गिरफ्तार आरोपियों को सुसंगत धाराओं में जेल भेज दिया गया है। फरार
आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।









