बड़ा हादसा टलाः पिछोर से इंदौर आ रही एसी बस में लगी आग, सभी 50 यात्री सुरक्षित
26 Oct 2025

बड़ा हादसा टलाः पिछोर से इंदौर आ रही एसी बस में लगी आग, सभी 50 यात्री सुरक्षित

पिछोर से इंदौर आ रही कमला ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस शनिवार शाम ग्राम बमनावर के पास आग की चपेट में आ गई। हादसे में पूरी बस जलकर खाक हो गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते सभी 50 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। बस में रखा यात्रियों का सारा सामान जल गया। शाम करीब 7:30 बजे बस की वायरिंग में आग लगी, जिसे बुझाने की कोशिश में आग और फैल गई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को साइड में रोका और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। इमरजेंसी दरवाजे से यात्रियों को बाहर निकाला गया। बस में सवार समीर खान (21) धुएं के कारण बेहोश हो गया था। फायर ब्रिगेड के पानी से होश में आने के बाद वह जलती बस से कूदकर बाहर आया। यात्रियों ने बताया कि बस में आग बुझाने का कोई उपकरण नहीं था। कई यात्री खिड़की से बाहर आए। 50 लीटर डीजल ले जा रही बस जब्तइंदौर से टीकमगढ़ जा रही ओरछा ट्रैवल्स की बस सवारियों के बीच में 50 लीटर खुला डीजल रख कर दौड़ रही थी। परिवहन विभाग की टीम जब रेडिसन चौराहे पर बसों की चेकिंग कर रही थी तब उन्हें बस की डिग्गी में खुला डीजल मिला। आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया, बस और डीजल को जब्त किया है। साथ ही 10 से अधिक वाहनों से 70,000 रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया।