पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि
26 Sep 2025

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि

कटिहार। देश के महान अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर पूरे देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में कोढ़ा, कटिहार से भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मोहम्मद रफीक अंसारी ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष मोहम्मद रफीक अंसारी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह न केवल एक प्रखर अर्थशास्त्री थे, बल्कि उन्होंने अपने नेतृत्व में देश को नई दिशा दी। 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने आर्थिक उदारीकरण की जो नीतियां लागू कीं, उसी के परिणामस्वरूप भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़ा और मजबूत आधार प्राप्त किया। प्रधानमंत्री रहते हुए उनकी नीतियों ने भारत की विकास दर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह की सादगी, ईमानदारी और दूरदर्शिता भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी जयंती पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि उनके आदर्शों और नीतियों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। जयंती अवसर पर स्थानीय स्तर पर कई कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें नमन किया और कहा कि डॉ. सिंह ने यह साबित किया कि सादगी और गंभीर चिंतन के साथ भी देश को नई दिशा दी जा सकती है। इस मौके पर बीजेपी मंडल अध्यक्ष मोहम्मद रफीक अंसारी ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर विकास और प्रगति की राह पर आगे बढ़ें तथा महान नेताओं के बताए मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।

Advertisement
Advertisement