नदी किनारे जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई : 11 जुआरी गिरफ्तार, 11.5 लाख रुपये का मशरूका जब्त, वाहन और मोबाइल भी बरामद
14 Jun 2026
रिपोर्टर --बसंत यादव
सिटी न्यूज़ सिवनी जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने थावर नदी के सरहदी क्षेत्र में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान नकदी, वाहन, मोबाइल फोन सहित कुल 11 लाख 5 हजार 240 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया गया है। केवलारी थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम ने बताया कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम किमाची के पास चौकी छींदा क्षेत्र अंतर्गत थावर नदी के किनारे एक खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर केवलारी और नैनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात मौके पर दबिश दी।पुलिस ने मौके से नरेन्द्र रैकवार, आशीष ठाकुर, आशीष यादव, ब्रजेश भलावी, सीताराम ठाकुर, अनिल नंदा, नीरज सोनी, जयप्रकाश चक्रवर्ती, अरविंद भलावी, शेख रिजवान उर्फ गोलू खान तथा जय चारोली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 1 लाख 13 हजार 240 रुपये नकद बरामद किए गए।इसके अलावा 13 मोबाइल फोन, एक टवेरा वाहन तथा पांच दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो अतिरिक्त मोबाइल, एलईडी लाइट, एक्साइड बैटरी, वायर, तिरपाल और दरी भी बरामद की है। जब्त किए गए समस्त सामान का अनुमानित मूल्य 11 लाख 5 हजार 240 रुपये बताया गया है। पूछताछ के दौरान शेख रिजवान उर्फ गोलू खान ने पुलिस को बताया कि धर्मेन्द्र ठाकुर द्वारा जुआ खिलाने के लिए प्रेरित किया जाता था तथा खिलाड़ियों से 'नाल' काटकर अवैध रूप से धन अर्जित किया जाता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में केवलारी एवं नैनपुर पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Advertisement









