जिलाअधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं द्वारा पैदल गश्त ।
14 Oct 2025
Reporter-- Rahul
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ द्वारा दीपावली/धनतेरस के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में संयुक्त रूप से पैदल गश्त
आगामी दीपावली एवं धनतेरस पर्व को सकुशल, शान्तिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराये जाने के उद्देश्य से आज दिनांक 14.10.2025 को जिलाधिकारी बदायूँ श्री अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ डॉ० बृजेश कुमार सिंह द्वारा नगर क्षेत्र के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संयुक्त रूप से पैदल गश्त की गयी।
गश्त के दौरान एडीएम श्री अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री विजयेन्द्र द्विवेदी, एसडीएम सदर श्री मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर श्री रजनीश कुमार उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन्स श्री मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री प्रवीण कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक महिला थाना श्रीमती ज्योति सिंह मय पुलिस बल उपस्थित रहे।
अधिकारियों द्वारा लावेला चौक, छः सड़का, सर्राफा बाजार, मुख्य बाजार, हलवाई चौक आदि प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त कर व्यापारीगण एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्यौहारों के दौरान नगर क्षेत्र में प्रतिदिन फुट पेट्रोलिंग की जाये तथा पुलिस की सक्रिय उपस्थिति निरंतर बनी रहे।
साथ ही यह भी निर्देश दिये गये कि त्यौहारों के दौरान कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस बल के साथ थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि त्यौहारों के अवसर पर रात्रि में भी आमजन की आवाजाही अधिक रहती है, अतः किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने हेतु रात्रि ड्यूटी व पुलिस मोबाइलों द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार भ्रमणशील रहकर गश्त की जाये।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि जनपद में दीपावली एवं धनतेरस का पर्व सकुशल, हर्षोल्लासपूर्ण एवं शान्तिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो।








