जन आरोग्य मेले में उमड़ी मरीजों की भीड़, 350 लोगों का हुआ इलाज
10 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत रविवार को ब्लॉक अलीगंज के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा कुल 350 मरीजों का पंजीकरण कर उनका निशुल्क उपचार किया गया साथ ही मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और जागरूकता परामर्श भी दिया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अलावा भदकी, नायगांव, नगला गजपत और अलीपुर स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया। स्वास्थ्य शिविरों में बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा रोग, ब्लड प्रेशर और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतने, साफ-सफाई बनाए रखने और समय पर उपचार लेने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार मित्तल ने नगला गजपत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था, दवा वितरण, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी प्रभावी ढंग से दी जाए। निरीक्षण के दौरान डॉ. मित्तल ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
Advertisement









