गंभीर बीमारी से जूझ रहे योगेंद्र सिंह यादव को इलाज और आयुष्मान कार्ड की दरकार, जिला प्रशासन से मदद की गुहार..
12 May 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
राजा का रामपुर / एटा। जनपद एटा के राजा का रामपुर क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है, जहां गंभीर बीमारी से पीड़ित 40 वर्षीय योगेंद्र सिंह यादव इलाज के अभाव में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने अब जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
पीड़ित योगेंद्र सिंह यादव गांव नगला गनू, पहरा एवं राजा का रामपुर रोड क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पारिवारिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं, जो सभी नाबालिग हैं और पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार के पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है, जिसके चलते इलाज का खर्च उठा पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा संचालित आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन विडंबना यह है कि योगेंद्र सिंह यादव का परिवार अब तक इस योजना के लाभ से वंचित है।
स्थानीय ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल योगेंद्र सिंह यादव का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए तथा उन्हें किसी सरकारी अथवा सूचीबद्ध अस्पताल में निशुल्क एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इलाज नहीं मिला तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई बेहद आवश्यक है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें एटा जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गरीब और जरूरतमंद परिवार की सहायता के लिए क्या कदम उठाता है।
Advertisement









