खलघाट की लहसुन फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, 20 वर्षीय युवती की मौत।
11 Sep 2025
मृतिका
रिपोर्टर--सुनिल निगवाल
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के खलघाट में बुधवार को लहसुन फैक्ट्री में काम कर रही एक मजदूर युवती की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, गाजीपुरा निवासी 20 वर्षीय गौरी रोज की तरह काम करने के लिए फैक्ट्री गई थी। काम के दौरान लहसुन सुधारने की मशीन पर उसका दुपट्टा अचानक मशीन के बेल्ट में फंस गया।
आंख झपकते ही युवती मशीन में पूरी तरह से उलझ गई। फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने दुपट्टा काटकर उसे मशीन से बाहर निकाला और गंभीर हालत में धामनोद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर पंकज धाकड़ ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतका के परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।








