कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी के संकेतः शिवपुरी पुलिस ने जारी की चेतावनी; APK फाइल भेजकर हैक किए जा रहे मोबाइल
27 May 2026
Reporter-- Deepak ahirwar
सोशल मीडिया पर वायरल 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब साइबर ठगों का नया जरिया बन गई है। ठग इस पार्टी के नाम पर लोगों को सदस्य बनाने का झांसा देकर फर्जी लिंक और APK फाइल भेजकर ठगी कर रहे हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवपुरी साइबर क्राइम शाखा ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी मई 2026 में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन राजनीतिक आंदोलन है। साइबर ठग इसकी लोकप्रियता का फायदा उठा रहे हैं। वे WhatsApp, Telegram और SMS के जरिए लोगों को लिंक भेजते हैं। इन लिंक्स पर क्लिक करने से मोबाइल हैक होने, बैंकिंग जानकारी चोरी होने और आर्थिक नुकसान होने का खतरा बढ़ जाता है।
सलाह- अनजान लिंक पर क्लिक न करें
साइबर सेल ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही, किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड या फॉरवर्ड न करें। मोबाइल ऐप केवल Google Play Store या आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें। यदि गलती से कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल हो जाए, तो उसे तुरंत हटाकर सभी आवश्यक पासवर्ड बदल दें।
पुलिस ने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत अपने बैंक को सूचित करना चाहिए और नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अतिरिक्त, साइबर अपराध की सूचना शिवपुरी साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 7049123288, राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर दी जा सकती है।
शिवपुरी पुलिस ने लोगों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी सी सावधानी उन्हें साइबर ठगी से बचा सकती है।
Advertisement









