कलेक्टर कार्यालय परिसर में पीयूसी जांच कैम्प, 61 वाहनों की हुई जांच— 27 वाहन मानकों पर खरे नहीं उतरे, सुधार के निर्देश
02 Jan 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास | 02 जनवरी 2026—
पर्यावरण संरक्षण एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय एवं नगर निगम देवास द्वारा दो दिवसीय प्रदूषण जांच कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में पीयूसी जांच कैम्प आयोजित कर शासकीय वाहनों की प्रदूषण जांच की गई।
कैम्प में नगर निगम देवास के अंतर्गत संचालित समस्त कचरा संग्रहण वाहनों सहित कलेक्टर कार्यालय में आने वाले अन्य शासकीय वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कुल 61 वाहनों की पीयूसी जांच की गई, जिनमें से 27 वाहन निर्धारित मानकों पर खरे नहीं पाए गए। तकनीकी त्रुटियों के चलते इन वाहनों के चालकों को शीघ्र आवश्यक सुधार कराने के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान द्वारा दिए गए।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि समस्त शासकीय एवं गैर-शासकीय वाहनों के लिए प्रदूषण जांच प्रमाण-पत्र (पीयूसी) अनिवार्य है। पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं पाए जाने पर वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।
मोटरयान नियमों के अनुसार,
गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए पीयूसी नहीं होने पर ₹1000
व्यावसायिक वाहनों के लिए पीयूसी नहीं होने पर ₹5000 का चालान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 15 जनवरी के बाद गैर-व्यावसायिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की भी सघन पीयूसी जांच की जाएगी और प्रमाण-पत्र नहीं होने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
03 जनवरी को इन्डोर स्टेडियम में लगेगा प्रदूषण जांच कैम्प
जिला परिवहन अधिकारी ने जानकारी दी कि 03 जनवरी 2026 को श्रीमंत तुकोजीराव पवार इन्डोर स्टेडियम, भोपाल चौराहा, देवास में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रदूषण जांच कैम्प आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने समस्त वाहन स्वामियों से अपील की है कि प्रदूषण मुक्त देवास के निर्माण में सहयोग करते हुए अपने वाहनों की समय पर प्रदूषण जांच कराएं और चालानी कार्रवाई से बचें।








