ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में यूपी पुलिस का परचम, डीजीपी और खेल सचिव ने किया सम्मानित
14 May 2026

ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में यूपी पुलिस का परचम, डीजीपी और खेल सचिव ने किया सम्मानित
अलीगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण उस समय सामने आया जब ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 में उत्तर प्रदेश पुलिस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अपराध (ईओडब्लू) लखनऊ राजकुमार सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर दो कांस्य पदक अपने नाम किए। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 मई से 13 मई तक राजधानी लखनऊ में आयोजित की गई, जिसमें देशभर की पुलिस टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। राजकुमार सिंह ने मिक्स्ड डबल्स और वेटरन पुरुष डबल्स इवेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस का मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और अधिकारियों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एवं प्रदेश के खेल सचिव सुहास एलवाई (आईएएस) द्वारा राजकुमार सिंह को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान अधिकारियों ने उनकी खेल प्रतिभा और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक बताया। राजकुमार सिंह का खेलों में प्रदर्शन पहले भी शानदार रहा है। वर्ष 2017 में केरल के कोच्चि में आयोजित इसी ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप में उन्होंने मिक्स्ड डबल्स इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। खास बात यह रही कि राजपत्रित श्रेणी में यह खिताब जीतने वाले वह उत्तर प्रदेश के अब तक के एकमात्र अधिकारी हैं। इसके अलावा राजकुमार सिंह प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में एक दर्जन से अधिक गोल्ड मेडल भी अपने नाम कर चुके हैं। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण वह पुलिस विभाग में खेल प्रतिभा की मजबूत पहचान बन चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि राजकुमार सिंह जैसे अधिकारी न केवल कानून व्यवस्था में बल्कि खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश में
Advertisement
Advertisement