एफ.एल.एन. मेले में खेल-खेल में सीखने की अनोखी पहल।
02 Nov 2025

एफ.एल.एन. मेले में खेल-खेल में सीखने की अनोखी पहल।
शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय अंतराय, संकुल केंद्र केसुर में बच्चों की प्रतिभा ने बटोरी सराहना धार। शासन के निर्देशानुसार 30 अक्टूबर 2025 को शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय अंतराय, संकुल केंद्र केसुर, ब्लॉक धार में कक्षा पहली एवं दूसरी के बच्चों के लिए एफ.एल.एन. (Foundational Literacy and Numeracy) मेले का आयोजन किया गया। यह मेला बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को रोचक ढंग से सिखाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। बच्चों ने रंग-बिरंगे खेलों और गतिविधियों के माध्यम से भाषा विकास, गणितीय समझ, बौद्धिक क्षमता एवं शारीरिक विकास का परिचय दिया। मेले में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिसर में शिक्षा को मनोरंजन से जोड़कर एक सीखते हुए खेलने का माहौल तैयार किया गया, जिसने नन्हें बच्चों में सीखने की जिज्ञासा को और बढ़ाया। कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता,अभिभावक, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं शिक्षकों की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर मेले को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का पंजीयन भी किया गया,जिससे उनके सर्वांगीण विकास और सीखने की प्रगति का मूल्यांकन संभव हो सके।विद्यालय परिवार ने बताया कि एफ.एल.एन. मेला बच्चों में सीखने की नई दिशा और नई सोच को जन्म देता है जहाँ शिक्षा अब किताबों तक सीमित नहीं,बल्कि खेल-खेल में अनुभव बन जाती है।